आप जानते हैं कि स्वस्थ खाना आपके बच्चे के लिए ज़रूरी है। लेकिन, केवल जानना ही काफ़ी नहीं है। अपने बच्चे के खाने की आदतों के बारे में शिकायत करने से पहले, अपने आप से पूछें- आप अपने बच्चे को जो सीख़ दे रहे हैं, क्या आप ख़ुद उसका पालन करते हैं? क्या आप खुद स्वस्थ खाना खा रहे हैं?
अपने बच्चे में स्वस्थ खाने की आदत डालने के लिए, पहले आपको उसके लिए एक उदाहरण बनना होगा। यहां कुछ आसान तरीके दिए गए हैं, जिन्हें अपनाकर आप अपने बच्चे में स्वस्थ खाने की आदत डाल सकते हैं:
- केवल एक या दो खाने की चीज़ों के साथ अपने बच्चे के आहार को सीमित न करें; बल्कि उन्हें कई तरह की चीज़ों से बना हुआ अलग-अलग तरह का खाना दें। इस तरह आप बच्चों के लिए स्वस्थ खाने की योजना बना पाएंगे और उन्हें सभी ज़रूरी पोषक तत्व भी मिलेंगे।
- बच्चों के लिए स्वस्थ खाने की योजना बनाते समय उनकी पसंद के बारे में ज़रूर पूंछे। आप उन्हें अलग-अलग तरह के स्वस्थ खाने की चीज़ों में से चुनने के लिए कह सकते हैं।
- अपने बच्चे के आहार में नई नई चीज़ें शामिल करें। ऐसा करने में जल्दबाज़ी ना करें। जो नई चीज़ आप अपने बच्चे को खिलाने जा रहे हैं उसके बारे में बच्चे को बताएं जैसे कि उसका स्वाद, रंग और खुशबु और फिर धीरे-धीरे एक बार में एक ही नई चीज़ दें। कोई भी नई चीज़ बच्चे की पसंद के खाने के साथ देना बेहतर रहेगा। आपको अपने बच्चे को नई चीज़ खिलाते समय उस चीज़ से जुड़े फायदों के बारे में बताना चाहिए।
- जब आप खाने पीने का सामान खरीदने जाते हैं, तो अपने बच्चे को अपने साथ ले जाएं और उसके साथ स्वस्थ खाने की चीज़ों की खरीदारी करें। इस तरह आपका बच्चा कई प्रकार की स्वस्थ खाने की चीज़ें देख सकेगा।
- कभी-कभी अपने बच्चों के साथ खाना पकाने की कोशिश करें। यह स्वस्थ खाने की आदत डालने का एक अच्छा तरीका है। खाना बनाते समय नए-नए तरीके अपनाएं ।
- आपको और आपके परिवार को हमेशा एक साथ खाना, खाना चाहिए और सभी के लिए एक जैसा खाना परोसना चाहिए। यह परिवार के सभी सदस्यों को एक-दूसरे के करीब लाता है और वे खाना खाते समय एक-दूसरे पर ध्यान दे सकते हैं।
- कभी भी नाश्ता करना न भूलें और हमेशा स्वस्थ नाश्ता करने की कोशिश करें।
- आपको अपना प्यार दिखाने के लिए, कभी भी ऐसी चीज़ों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए जो आपके बच्चे की सेहत के लिए हानिकारक हैं। अगर आप अपने बच्चे को इनाम के रूप में मिठाई देते हैं तो उनको लगेगा कि मिठाई बाकी खाने की चीज़ों से अच्छी है।
- खाने के समय हमेशा टेलीविजन बंद करने का ध्यान रखें। बच्चों के लिए टीवी देखने का समय ज़्यादा से ज़्यादा 2 घंटे रोज़ाना रखें। अगर आप चाहते हैं कि आपके बच्चे इसका पालन करें, तो आपको अपने टीवी देखने के समय को भी कम करना होगा।
माता-पिता के रूप में, आपको अपनी एक्टिविटीज़ से एक उदाहरण पेश करना होगा ताकि आप अपने बच्चे में स्वस्थ खाने की आदत डाल सकें। यह आपके बच्चे के एक्टिव और स्वस्थ रहने के लिए बेहद ज़रूरी है।