ज़्यादातर माता-पिता को अपने बच्चों को खाने की अच्छी आदतें सिखाने में मुश्किलें आती है, उन्हें अक्सर इस बात की भी चिंता रहती है कि बच्चा क्या, कितना और कब खा रहा है। लेकिन, अच्छी बात यह है कि ऐसे कई तरीके हैं जिससे आप बच्चे के खाने में सेहतमंद चीज़ों को शामिल कर सकती हैं। बच्चे को पोषक तत्व देने के साथ साथ उन्हें हाइड्रेट रखने का सबसे अच्छा तरीका है, सूप पिलाना। सूप से बहुत सारे फायदे मिलते हैं और यह बच्चों के लिए काफ़ी मज़ेदार भी होता है। आइये देखते हैं कैसे :
-
सर्दी ज़ुखाम होने पर सूप पीने से बहुत आराम मिलता है। ऐसा माना जाता है कि चिकन सूप सामान्य सर्दी ज़ुखाम में बहुत फायदेमंद होता है। ये नाक की नली को शांत करता है और आराम पहुँचाता है।
-
अगर आपका बच्चा हरी या दूसरी सब्जियाँ खाना पसंद नहीं करता और बार बार समझाने पर भी नहीं मानता, तो उसे सूप दें, ताकि उसे विटामिन और खनिजों से संबंधित सभी पोषक तत्व आसानी से मिल जाएँ। ये बच्चे को सब्जियाँ खिलाने का सबसे अच्छा तरीका है।
-
सूप से रोगों से लड़ने की ताकत भी बढ़ती है क्योंकि इसमें विटामिन तथा खनिज भरपूर मात्रा में होते हैं।
यहाँ हम आपको 5 ऐसे अलग-अलग सूप बनाना सिखाएंगे, जो आपके बच्चे की सेहत के लिए अच्छे होने के साथ ही बहुत स्वादिष्ट भी हैं।
चिकन नूडल सूप
इस सूप को बनाने के बहुत से तरीके हैं, पर हम आपको सबसे आसान तरीका बताएँगे। सामान्य सर्दी ज़ुखाम को ठीक करने के लिए चिकन नूडल सूप को सबसे अच्छे इलाजों में से एक माना जाता है। साथ ही ये शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए भी सबसे अच्छा माना गया है।
तैयारी : कटे हुए चिकन के टुकड़ों और पानी को मिलाकर शोरबा (सूप) बनायें। जब इसमें एक उबाल आ जाए, तब हमारा शोरबा तैयार है। अब इसमें प्याज, गाजर, अजवायन या पार्स्ली (वैकल्पिक/ अगर है तो), काली मिर्च और नमक मिलाकर, उबाल आने तक ढककर पकायें। अब इसमें से चिकन के टुकड़े निकालकर उसे चूर कर लें। अब चूर किये हुए चिकन और पके हुए नूडल को मिश्रण में मिलाएं और इसे उबाल लें। गैस बंद कर दें और ऊपर से थोड़ा नींबू का रस निचोड़ दें। हरे प्याज के पत्ते (स्प्रिंग अनियन) या अजवायन का पत्ता मिलाएं और गरमा गरम परोसें।
सब्ज़ी का सूप
सब्जियाँ विटामिन, खनिज और एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत हैं। सब्जियों में मौजूद पोषक तत्व हमारे शरीर के ठीक से काम करने और अच्छी सेहत के लिए बहुत ज़रूरी है। आम तौर पर सब्जियाँ रोज़ खानी चाहिए। सब्जियों से भरपूर खाना खाने से बहुत सी बीमारियाँ (जैसे दिल की बीमारी और डायबिटीज़) दूर रहती है।
तैयारी: एक बड़ी कढ़ाई में थोड़ा मक्खन गर्म कर लें, और फिर उसमें गाजर, पत्ता गोभी, और आलू (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ) मिलाकर थोड़ा हल्का भूनें। फिर उसमें टमाटर (छिला और मसला हुआ), छोटे छोटे टुकड़ों में कटी हुई फूल गोभी का एक टुकड़ा, हरी मटर, एक चुटकी नमक और पानी मिलाएं। सब्जियों को नरम होने तक पकाएं। गैस की आँच को कम रखें और सब्जी के मिश्रण में धीरे धीरे दूध मिलाएं। स्वाद के अनुसार नमक और काली मिर्च मिलाएं। गरमा गरम सूप परोसें, अगर आप चाहे तो इसे चीज़ से भी सजा सकती हैं।
हरी मटर और धनिया का सूप
हरी मटर में प्रोटीन और फाइबर भरपूर मात्रा में होता है। धनिया एक जड़ी बूटी है जिसका इस्तेमाल बहुत सी बीमारियों के लिए दवा की तरह किया जाता है जैसे पाचन शक्ति को मज़बूत बनाने, ब्लड शुगर को नियंत्रित करने, दिल की बीमारी के खतरे को कम करने आदि, इसके अलावा ये कई बीमारियों से लड़ता है और कैंसर जैसी बीमारी से बचाव के लिए भी बहुत ज़रूरी है।
तैयारी: एक कढ़ाई में, हरी मटर को पानी के साथ पकाएं। अगर आप मांसाहारी हैं, तो आप मटर पकाने के लिए चिकन स्टॉक का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। एक ब्लेंडर में मटर और आधे धनिया की प्यूरी बनायें और मिश्रण को छलनी से छान लें। अब एक कढ़ाई में, औलिव ऑयल गर्म करें और फिर उसमें लहसून और प्याज डालें और पारदर्शी होने तक भूनें। अब उसमें धीरे धीरे मटर की प्यूरी, नमक, काली मिर्च, और थोड़ा क्रीम मिलाएं और लगातार हिलाते हुए उबाल लें। अब बची हुए धनिया पत्ती को मिला लें और मिश्रण को कम आँच में उबलने दें। उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें, आपका सूप तैयार है। इसे गरम गरम परोसें।
खीरे का ठंडा सूप
जी हाँ! बिलकुल सही समझे आप। ये सूप ठंडा होता है। अगर आपके बच्चे को गरम सूप पसंद नहीं है, तो आप उसे ठंडा सूप भी दे सकती हैं, जिसमें गर्म सूप के जितने ही पोषक तत्व होते हैं। खीरा सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है, ये सही वज़न को बनाये रखने में मदद करता है, पाचन तंत्र को मज़बूत बनाता है, सांस को ताज़ा रखता है और तनाव को दूर भगाता है। इसके अलावा, गर्मी के मौसम में खीरा शरीर को हाइड्रेट रखता है।
तैयारी: एक कढ़ाई में मक्खन को गर्म कर लें। कटे हुए प्याज को कढ़ाई में डालकर पारदर्शी होने तक भूनें। अब इसमें खीरे के टुकड़े, आलू, पानी या चिकन स्टॉक, पार्स्ली (वैकल्पिक/ अगर है तो), नमक और काली मिर्च मिला लें। आलू को नर्म होने तक पकाएं। अब मिश्रण को ठंडा होने दें और फिर ब्लेंडर में इसकी प्यूरी बना लें। अब इसमें क्रीम मिलाएं। कटे हुए खीरे से सजाएँ और ठंडा ठंडा परोसें।
मछली चौडर
मछली को एक अच्छा मांस माना गया है, ये सफेद मांस की श्रेणी में आती है और इसमें प्रोटीन की मात्रा बहुत ज़्यादा होती है। इसमें ओमेगा -3 फैटी एसिड भी होता है जो दिल को सेहतमंद बनाये रखने और तेज़ दिमाग के लिए बहुत अच्छा होता है। क्या आप जानते हैं कि किसी दूसरे मांस की तुलना में इसमें वसा भी बहुत कम मात्रा में होता है।
तैयारी: एक बड़ी कढ़ाई लीजिये, उसमें पानी, नमक, काली मिर्च, तेज पत्ता, और लौंग डालिये और इसे उबाल लीजिये। अब इसमें बिना कांटों वाली मछली के टुकड़े डालिये और नरम होने तक कम आँच में पकाइये। जब मछली पक जाए, तब इसके टुकड़ों को मिश्रण से निकाल लीजिये। अब दूसरी कढ़ाई लीजिये, उसमें मक्खन डालकर गर्म कर लीजिये, अब उसमें कटी प्याज और पार्स्ली डालकर सुनहरा भूरा होने तक भूनें। मछली के स्टॉक को छान लीजिये और इसे कुछ छोटे कटे आलू के साथ प्याज के मिश्रण में मिला लीजिये और इसे उबाल लीजिये। गैस की आँच को कम कर लीजिये और आलू के नरम होने तक मिश्रण को उबालिये। अब मिश्रण में थोड़े दूध के साथ मछली के टुकड़ों को मिलाइये और थोड़ी देर गर्म कर लीजिये। नमक और काली मिर्च ऊपर से छिड़क कर गरमा गरम परोसें।
सूप की सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बनाने के लिए आप अलग अलग तरह की चीज़ों का इस्तेमाल कर सकती हैं और एक सेहतमंद चीज़ बना सकती हैं। बच्चे को आप इसे दोपहर के खाने, रात के खाने या सुबह के नाश्ते में भी दे सकती हैं। उम्मीद है हमारे इस आर्टिकल से आपको अपने बच्चे के पोषण से जुडी चिंता का समाधान मिल गया होगा। तो फिर सोच क्या रही हैं, सूप बनाइये और अपने बच्चे को स्वादिष्ट के साथ साथ सेहतमंद चीज़ का भी मज़ा लेने दीजिये!