क्या आपका बच्चा ताज़े फल और सब्ज़ियों को देखकर अपनी नाक सिकोड़ता है? चाहे ये कितने ही पौष्टिक, स्वादिष्ट और दिखने में रंग बिरंगी क्यों ना हों, फिर भी ज़्यादातर बच्चों को फल और सब्ज़ियां खिलाना बहुत मुश्किल होता है। ऐसे में आप कच्ची सब्ज़ियों, फल और दूध, दही जैसी चीज़ों को एक साथ मिला कर अच्छी सी स्मूदी बना सकते हैं। यह स्वाद में अच्छी और बहुत पौष्टिक होती हैं और इनसे पेट भी भर जाता है। इससे घंटो तक बच्चों का पेट भरा रहता है और उन्हें ज़रूरी ताकत, विटामिन और मिनरल भी मिलते हैं। हालांकि, इस बात का भी ध्यान रखें कि आपका बच्चा फल और सब्ज़ियाँ भी खाये, क्योंकि उनमें ज़्यादा फाइबर होता है।
इस आर्टिकल में कुछ बहुत ही साधारण और बनाने में आसान स्मूदी के बारे में बताया गया है जो बच्चों के लिए बहुत ही अच्छी हैं। इन्हें सुबह नाश्ते के साथ या शाम को स्नैक के तौर पर ले सकते हैं। इसके अलावा, ताज़े फल और सब्ज़ियों से घर पर बनाई गई ये स्मूदी, बाजार में मिलने वाली पैकेट की स्मूदी से अच्छी होती हैं जिनमें बहुत ज़्यादा चीनी होती है। तो आइये जानते हैं बच्चों के लिए कुछ बहुत ही अच्छी स्मूदी के बारे में:
- पालक और फलों की स्मूदी: अगर आपके बच्चे को पालक बिल्कुल पसंद नहीं है तो आप उनके लिए इस रेसिपी के ज़रिये सेब, केला आदि मिला कर एक अच्छी स्मूदी बना सकते हैं। इस रेसिपी में दही का भी इस्तेमाल किया जाता है जिसमें काफी प्रोबायोटिक्स होते हैं। बाकी सामग्री में प्रीबायोटिक्स हैं, जो मिलकर इस स्मूदी को काफी बेहतर बनाते हैं और बच्चों के पेट को सेहतमंद रखते हैं। बच्चों के लिए यह पौष्टिक स्मूदी बनाने के लिए केले को छील कर टुकड़ों में काटें और अंगूर के बीजों को निकाल दें। सेब को काट लें। केले, कटे हुए पालक के पत्ते, अंगूर, दही और सेब को एक ब्लेंडर में डालें, और दो मिनट के लिए ब्लेंड कर के बिल्कुल चिकना कर लें। ताज़ा-ताज़ा परोसें।
- पपीते से बनी स्मूदी: पपीता विटामिन ए, पोटैशियम, कैल्शियम और मैग्नीशियम से भरपूर होता है। इसमें फाइबर और एंटीऑक्सिडेंट्स भी काफी होता है। पपीते को छीलकर मसल लें। एक ब्लेंडर में पपीता, अनानास, कोकोनट एक्स्ट्रैक्ट, अलसी और बर्फ डालें और मिश्रण को चिकना होने तक ब्लेंड करें। अनानास के टुकड़ों के साथ सजाएं और ताज़ा-ताज़ा परोसें।
- खजूर से बनी क्रीमी स्मूदी: खजूर कुदरती तौर पर मीठे होते हैं, इसमें सोडियम कम होता है और फाइबर ज़्यादा होता है। इसमें विटामिन ए, के, राइबोफ्लेविन, फोलेट, थियामिन और नियासिन के साथ-साथ पोटैशियम, मैग्नीशियम, और जस्ता जैसे बहुत सारे पोषक तत्व होते हैं। खजूर और दूध को मिला कर चिकना होने तक फेंटे। आप इसे ठंडा करने के लिए थोड़ी बर्फ भी कूट कर मिला सकते हैं और फिर इसे ताज़ा और ठंडा-ठंडा परोसें।
- हरे अँगूर से बनी स्मूदी: अंगूर विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट का बहुत अच्छा स्रोत है। अंगूर का मीठा और खट्टा स्वाद बच्चों और बड़ों दोनो को लुभाता है। पालक और अंगूर को अच्छे से धो लें और अगर कोई बीज है तो निकाल दें। जमे हुए केले का टुकड़ा लें। सारी चीज़ों को मिलाकर चिकना होने तक ब्लेंड करें और एक बड़े गिलास में परोसें।
- केले की स्मूदी: ये सबसे आसान स्मूदी है जिसे आप बना सकते हैं। केले में विटामिन सी और पोटैशियम भरपूर मात्रा में होते हैं। आप इसमें दालचीनी पाउडर भी डाल सकते हैं क्योंकि इसमे एंटीऑक्सिडेंट और कई दूसरे बायोएक्टिव कंपाउंड होते हैं जो एंटी इंफ्लेमेटरी होते हैं। सबसे पहले केले और दूध को तब तक मिलाएं जब तक कि यह सही से मैश न हो जाए। अब इसमें ब्राउन शुगर और पानी डालें और फिर से ब्लेंड करें। अगर ज़रूरत हो तो बर्फ डालें और दालचीनी पाउडर छिड़क कर इसे परोसें। अगर आप दूध वाली स्मूदी बनाना नहीं चाहते हैं, तो आप अपने रोज़ के दूध के बजाय बादाम या सोया दूध का इस्तेमाल कर सकते हैं। बच्चों के लिए इसे सबसे अच्छी प्रोटीन स्मूदी बनाने के लिए आप इसमें बादाम का मक्खन भी मिला सकते हैं।
- स्ट्रॉबेरी से बनी स्मूदी: आप स्ट्रॉबेरी और दही को मिला कर बहुत ही स्वादिष्ट स्मूदी बना सकते हैं। अगर आप जमी हुई स्ट्रॉबेरी इस्तेमाल कर रहे हैं तो पहले उसे पिघला लें। अब ब्लेंडर में स्ट्रॉबेरी, दूध, शक्कर और वनीला एसेंस मिला कर तब तक ब्लेंड करें जब तक वो चिकनी और झागदार ना हो जाए। अगर आप ठंडी स्मूदी पीना चाहते हैं तो इसमें बर्फ डालकर मिलाएं।
- कीवी और सेब की स्मूदी: सेब फाइबर से भरपूर होता है और कीवी में विटामिन ई, सी, पोटैशियम और फोलेट होता है। कटे हुए सेब, केले, कीवी और चिया सीड को मिला कर चिकना होने तक ब्लेंड करें। कीवी के टुकड़ों से सजाएं और ताज़ा ही परोसें।
- कद्दू और केले से बनी स्मूदी: कई बच्चे कद्दू की सब्ज़ी बिल्कुल पसंद नहीं करते। तो, इसे बच्चों को खिलाने का सबसे अच्छा तरीका है इसकी स्मूदी बनाना। कद्दू के बीज निकाल कर इसके गूदे से प्यूरी बनाएँ और फ्रिज में पूरी रात लगभग 8 घंटो के लिए जमा दें। अगले दिन उसे फ्रिज से निकाल कर बाहर के तापमान में रखें। अब एक ब्लेंडर में कद्दू की प्यूरी, दूध, केले के टुकड़े, वनीला एक्स्ट्रैक्ट और दालचीनी डालें और क्रीम की तरह चिकना और गाढ़ा होने तक ब्लेंड करें। एक लंबे गिलास में परोसें।
स्मूदी के ज़रिये आप बच्चों को ज़्यादा से ज़्यादा फल और सब्ज़ियाँ खिला सकते हैं। खासकर अगर बच्चे खाने में नखरे करते हैं तो स्मूदी से उनमें पोषण की कमी को दूर किया जा सकता है। हालांकि, किसी भी तरह के बनावटी रंगों और मिठास का इस्तेमाल ना करके स्मूदी को पौष्टिक बनाना बहुत ज़रूरी है।