बच्चों को पार्टी करना बहुत पसंद होता है, फिर चाहे वो जन्मदिन की पार्टी हो या दोस्तों के घर रात में रुकना। उन्हें एक दूसरे के साथ खेलना और साथ में कई तरह की मज़ेदार चीज़ें करना पसंद होता है। पार्टी में वह एक दूसरे से जुड़ते हैं और कई ज़रूरी सामाजिक बातों को सीखते हैं। एक माता-पिता होने के नाते आपको अपने बच्चे को खुश और उन्हें अपने दोस्तों के साथ खेलते हुए देखना बहुत अच्छा लगता होगा। हालांकि कहीं ना कहीं एक बात आपको परेशान करती होगी कि आखिर पार्टी में कौन से स्नैक्स परोसे जाएं। बच्चों की अच्छी सेहत के लिए यह ज़रूरी है कि उन्हें सोडा, तले हुए खाने या मीठे स्नैक्स से दूर रखा जाए। इसलिए हम यहां लेकर आए हैं, बच्चों की पार्टी के लिए कुछ आसानी से बनने वाले और सेहतमंद पार्टी फ़ूड की लिस्ट जो कि ना सिर्फ़ पौष्टिक है बल्कि बेहद स्वादिष्ट भी है। खाने को संतुलित बनाने के लिए, आप सभी तरह के खाने के समूहों में से एक-एक चीज़ को चुन सकते हैं।
1. अनाज
केक, कैंडी, चॉकलेट और कुकीज़ के बिना बच्चों की पार्टी के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता है। लेकिन ज़रूरी नहीं है कि आप पार्टी में बहुत सारी मीठी चीज़ें परोसें। आप बच्चों को लुभाने या फुसलाने के लिए थोड़ी बहुत मीठी चीज़ें रख सकते हैं। बच्चे के खाने को पौष्टिक और मज़ेदार बनाने के लिए आप इनमें कुछ सेहतमंद अनाज मिला सकते हैं। ओट्स, मूसली या रागी से बना गर्मा-गर्म ताज़ा मीठा दलिया/रबड़ी आपके बच्चे की सेहत के लिए अच्छा रहेगा। इसमें फ़ाइबर की मात्रा ज़्यादा होती है. साथ ही यह बेहद स्वादिष्ट भी होता है। आप सेहतमंद अनाज से बनी इस डिश को ताज़े फल या बादाम, अखरोट, काजू या किशमिश जैसे सूखे मेवे से सजा सकते हैं। इससे ये दिखने में अच्छा लगेगा और इसका स्वाद भी बढ़ेगा।
2. फल और सब्ज़ियां
- फलों में फ़ाइबर की मात्रा ज़्यादा होती है. इसके साथ ही इनसे, पार्टी का मज़ा लेने के लिए ज़रूरी ताकत भी मिलती है तो कटे हुए केले, अनानास, सेब, अंगूर, संतरा, आम, तरबूज़ जैसे फलों से एक आकर्षक रंग-बिरंगा सलाद बनाएं। आप फलों से मज़ेदार आकार भी बना सकते हैं। थोड़ी सी क्रीम के साथ इस सेहतमंद शाकाहारी ऐपेटाइज़र को और भी आकर्षक बनाया जा सकता है।
- स्क्यूअर (सींक) की मदद से कटे हुए फल और सब्ज़ियों को आकर्षक तरीके से सजा सकते हैं। बच्चे चमकीले रंगों की ओर आकर्षित होते हैं, इसलिए उन्हें यह पसंद आएगा।
- कटे हुए फलों को पिघले हुए चॉकलेट में मिलाने से यह बहुत स्वादिष्ट और मज़ेदार हो जाता है
- अलग-अलग तरह के फलों को काटकर, उसमें चाट मसाला या ज़ीरा पाउडर, अदरक, धनिया, काला नमक और अमचूर पाउडर मिलाकर चाट बनाएं।
3. प्रोटीन
- थोड़ा सा नमक और काली मिर्च पाउडर लगे हुए उबले अंडे बच्चों को बहुत पसंद आते हैं। यह बच्चों की पार्टी का पसंदीदा फ़िंगर फ़ूड है. साथ ही इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन होता है।
- शिमला मिर्च, प्याज़ और टमाटर के साथ बेक्ड पनीर के टुकड़े पार्टी के लिए शानदार आइडिया है। स्वाद बढ़ाने के लिए आप हल्के मसाले का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- घर पर बनाए हुए चिकन ड्रमस्टिक बच्चों की पसंदीदा पार्टी रेसिपी है। ये सूखे होते हैं इसलिए बच्चों के लिए इसे खाना आसान होता है।
- बची हुई रोटी या चपाती के साथ टमाटर, शिमला मिर्च, प्याज़ और बेल पेपर जैसी सब्ज़ियों का इस्तेमाल करते हुए बेहद आसान तरीके से पिज़्ज़ा बनाया जा सकता है। टॉपिंग के लिए कटा हुआ या क्यूब्ड बेक्ड चिकन भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
- चपाती रोल में अंडा या बोनलेस चिकन को भरकर एक शानदार पार्टी स्नैक बनाया जा सकता है। इसे और भी ज़्यादा ज़ायकेदार बनाने के लिए आप टोमैटो सॉस, मेयोनेज़ और मस्टर्ड सॉस का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- साबुत अनाज के ब्रेड से बने चिकन या एग सैंडविच में सलाद, टमाटर, बेल पेपर (लाल- पीली शिमला मिर्च), गाजर जैसी चीज़ों को मिलाकर एक शानदार पार्टी स्नैक बनाया जा सकता है। आप इसमें थोड़ा चीज़ भी डाल सकते हैं।
4. लोकप्रिय और सेहतमंद पार्टी स्नैक
नीचे दी गई सभी चीज़ों को पार्टी स्नैक के तौर पर शामिल किया जा सकता है।
- बेक्ड पोटैटो फ्राई, स्माइली या अक्षरों के आकार में बने आलू
- सब्ज़ी, अंडा और/या मीट को भरकर, घर पर बनाया हुआ स्प्रिंग रोल बच्चों के लिए सेहतमंद स्नैक है।
- ढोकला या ब्रेड पकौड़ा और सब्ज़ी या पनीर या मीट का पकौड़ा ।
- साबूत गेंहू के ब्रेड स्टिक. साथ में चने की डिप या साल्सा (चटनी)।
- साबूदाने या दाल से बने पापड़ को चटनी के साथ परोसें
- सब्ज़ी या मीट को भरकर, घर पर बनाया हुआ समोसा या कटलेट या पैटीज़
- ताज़ी सब्ज़ियों से बनाया हुआ मैक्रोनी या पास्ता या नूडल
- होल ग्रेन (साबुत अनाज) ब्रेड और सब्ज़ियों से या मीट भरकर बनाया गया बर्गर
- डोसा, वड़ा और इडली को सांभर और नारियल की चटनी के साथ परोसें।
- घर पर बनी भेलपुरी को खट्टी-मीठी इमली की चटनी के साथ परोसें।
5. मीठा
नीचे दी गई चीज़ों को मीठे के रूप में शामिल किया जा सकता है:
- थोड़ी सी क्रीम के साथ फ़्रूट कस्टर्ड या जेली
- श्रीखंड के छोटे कप या फल मिला हुआ दही
- हल्के मीठे पकवान जैसे खीर या फिरनी जिनमें कम शक्कर होता है या गुड़ के बने होते हैं।
- सूजी (सूजी/रवा) से बना ताज़ा हलवा या गाजर या मूंग दाल का हलवा ।
- ताज़े फलों और सूखे मेवे से सजी और बिना शक्कर के घर पर बनी आइसक्रीम।
6. पीने की चीज़ें
नीचे दी गई पीने की चीज़ों को शामिल किया जा सकता है
- ताज़े फलों के जूस और गाढ़े फ़्रूट शेक में प्राकृतिक शक्कर के साथ-साथ फ़ाइबर, फ़्रूट पल्प और पानी काफ़ी मात्रा में होता है। आप इसे केला, अनानास, सेब, अंगूर, संतरा, आम और तरबूज़ से बना सकते हैं। इसे और भी ज़्यादा स्वादिष्ट और आकर्षक बनाने के लिए काजू, बादाम, फ़्रूट अखरोट और किशमिश से सजा सकते हैं।
- घर पर बना नींबू पानी या नींबू का शरबत।
- पार्टी में पीने के लिए कच्चे नारियल का पानी एक अच्छी चीज़ होती है। स्वादिष्ट होने के साथ ही यह शरीर में इलेक्ट्रोलाइट की कमी को भी दूर करता है।
- वेज या नॉन-वेज सूप (हल्के शाकाहारी या मांसाहारी सूप)।
ऊपर दी गई रेसिपी से आप जंक फ़ूड से होने वाले नुकसान की चिंता किए बिना, आसानी से अपने बच्चे के लिए एक मज़ेदार पार्टी की योजना बना सकते हैं। जन्मदिन के लिए सेहतमंद खाने-पीने की चीज़ों की दुनिया में आपका स्वागत है!